विदेशों में पहुंच चुकी चोरी हुई दुर्लभ प्राचीन मूर्तियों को वापस लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता

मंदसौर। हमारे अतीत की धरोहर और विरासतें ही भविष्य की चेतना को जागृत रखती हैं। इन्हें सहेजना और युवा पीढ़ी को इनसे अवगत कराना वर्तमान पीढ़ी का प्रमुख दायित्व है। ये विचार प्रख्यात पुरातत्वविद् एवं इतिहासकार श्री कैलाश चन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को सम्राट यशोधर्मन पुरातत्व संग्रहालय में आयोजित सात दिवसीय सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और स्वदेश वापसी प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शिक्षाविद गिरिजा शंकर रूनवाल ने सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर दिया। मुख्य अतिथि श्री पाण्डेय ने कहा कि मंदसौर सहित देश के विभिन्न स्थानों पर संग्रहित दुर्लभ प्रतिमाओं का संरक्षण पूरी प्रतिबद्धता के साथ होना चाहिए।

विदेशों में पहुंच चुकी चोरी हुई प्राचीन मूर्तियों को वापस लाने के लिए जल्द ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।प्रदर्शनी में सरल पैनलों के माध्यम से पुरावशेषों के ऐतिहासिक महत्व, चोरी के अंतरराष्ट्रीय तरीकों और उनकी पहचान की कठिनाइयों को बखूबी समझाया गया है। उद्घाटन समारोह में सेना के सेवानिवृत्त कमांडर बद्रीलाल जोशी, संग्रहालय प्रभारी रामेश्वर मेघवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, इतिहास प्रेमी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। संग्रहालय प्रभारी ने बताया कि सोमवार को छोड़कर यह प्रदर्शनी सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आम जनता और शोधार्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क खुली रहेगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment