उज्जैन। लाखों की ड्रग्स के साथ पकड़ाई महिला से तस्करी के नेटवर्क का खुलासा होने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ एनडीपीएस की धारा में प्रकरण दर्ज किया।
नशे के कारोबार को लेकर पुलिस आॅपरेशन प्रहार अभियान चलाकर समाज को नशामुक्त बनाने का प्रयास कर रही है, इसी कड़ी में घट्टिया थाना क्षेत्र के गरोठ हाइवे पानबिहार क्षेत्र से आधी रात को स्कूटी की डिक्की में 10 लाख की एमडी ड्रग्स छुपाकर ला रही नजमा पति शब्बीर खां 60 साल निवासी आगर नाका उज्जैन को पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने रतलाम ताल से ड्रग्स लाना बताया था, पुलिस ने 2 दिन की रिमांड पर लेकर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े साथियों की जानकारी जुटाई। महिला के संपर्क में उज्जैन तोपखाना का रहने वाला इश्तियाक पिता फैज मोहम्मद और इंदौर का अब्दुल रऊफ अंसारी, इस्माईल उर्फ गुड्डू अंसारी के साथ जुनैद उर्फ जून्नू शेख सामने आये। घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल और पानबिहार चौकी प्रभारी प्रवेश जाटव के नेतृत्व में टीम बनाई और इंदौर-उज्जैन में दबिश देकर चारों को गिरफ्तार किया गया। चारों ने नजमा से ड्रग्स लेना कबूल किया। पुलिस ने चारों को नशे के अवैध कारोबार में शामिल होने का आरोपी बनाया। घट्टिया टीआई खोवाल ने बताया कि सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। मामले में कुछ आरोपियों की जानकारी सामने आई है जिनकी तलाश जारी है।
महिला से हुआ ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का खुलासा -अवैध कारोबार करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार