उज्जैन। शासकीय संपत्ति बेरिकेड चुराकर कबाड़ी की दुकान पर बेचने वाले युवक को पुलिस ने कुछ घंटो में गिरफ्तार कर लिया। मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। कबाड़ी की दुकान से बेरिकेड भी बरामद किया गया है।
शांतिनगर में रहने वाले राहुल टटवाल ने शुक्रवार को नागझिरी थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि विक्रमनगर रेलवे स्टेशन के सामने पीडब्ल्यूडी के पीले बेरिकेड रखे थे। रात में एक युवक ट्राली में बेरिकेड भरकर ले गया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया और कैमरों के फुटेज देखे। एक युवक रात 3 से 4 बजे के बीच चोरी करता दिखाई दिया। पुलिस ने युवक की तलाश की और कुछ घंटे बाद हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसका नाम मंयक सिंघार निवासी विक्रमनगर नागदा सामने आया। उसने चोरी के बाद बेरिकेड कबाड़ी की दुकान पर बेचना कबूल किया। पुलिस बरामदगी के लिये कबाड़ी की दुकान पर लेकर पहुंची और बेचा गया बेरिकेड बरामद कर लिया। टीआई राकेश भारती ने बताया कि बरामद शासकीय संपति 10 हजार कीमत की है। मामले में चोरी की शासकीय संपति खरीदने वाले कबाड़ी को भी पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है।
लावारिस हालत में पड़े रहते है बेरिकेड
शहर में पुलिस और पीडब्ल्यूडी विभाग के बेरिकेड और स्टापर बड़े धार्मिक आयोजनों, त्यौहार पर सुरक्षा व्यवस्था के लिये लगाये जाते है। लेकिन कार्यक्रमों के खत्म होने के बाद उन्हे कई दिनों तक नहीं हटाया जाता है। सड़कों पर लावारिस हालत में पड़े रहते है। रात में बड़े वाहन क्षतिग्रस्त कर चले जाते है। जिसका फायदा नशा और चोरी करने वाले उठाते है। बेरिकेड के टूटे टुकड़ों को उनके द्वारा ठिकाने लगा दिया जाता है।
नगर निगम की संपत्ति हो चुकी है चोरी
पुलिस-पीडब्ल्यूडी के बेरिकेड के साथ नगर निगम संपत्ति चोरी के मामले भी पूर्व में सामने आ चुके है। नगर निगम द्वारा शहर के मार्गो और उद्यानों में सौर्द्रयकरण के लिये लगाई जाने वाली जालियां, नालों पर लगे लोहे के ढक्कन भी बदमाश चोरी कर लेते है। शासकीय विभागों के पास रख-रखाव की जिम्मेदारी और चौकीदारों की मौजूदगी नहीं होने पर बदमाश फायदा उठ रहे है।
रात 3 बजे विक्रमनगर स्टेशन के भरा था ट्राली में हिरासत में पीडब्ल्यूडी का बेरिकेड बेचने वाला युवक