वध से पहले घेराबंदी कर पकड़ी मवेशियों से भरी पिकअप

उज्जैन। क्रूरतापूर्वक मवेशियों को वध के लिये पिकअप में भरकर ले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की और पीछाकर पकड़ लिया। 2 युवकों को गिरफ्तार कर 9 मवेशियों छुड़ाया।
भाटपचलाना थाना पुलिस को रात्रिगश्त के दौरान सूचना मिली कि महेन्द्र पिकअप में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर कुछ लोग बदनावर की ओर वध के लिये लेकर जा रहे है। पुलिस ने तत्काल ग्राम मलोड़ा के पास घेराबंदी की और पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार तेज कर भागने का प्रयास किया, पुलिस ने पीछाकर रोक लिया और उसमें सवार 2 युवकों को हिरासत में लिया। युवकों की पहचान ईश्वरलाल पिता सीताराम पाटीदार निवासी ग्राम मलोड़ा भाटपचलाना और  राकेश पिता हाकम बंजारा निवासी ग्राम नवादा उन्हेल के रूप में हुई। पिकअप में 9 मवेशी (केडेÞ) क्रूरतापूर्वक भरे थे। पिकअप को थाने लाया गया और मवेशियों को मुक्त कराया। मामले में दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ धारा 4, 6/9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 और धारा 11 (1) (घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। टीआई सत्येन्द्र चौधरी ने बताया कि मवेशियों को धार जिले में ले जाया जा रहा था। कार्रवाई में एएसआई सज्जनसिंह बुंदेला, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, हरगोविंद सिंह, आरक्षक भोलाराम ओसारी, मुकेश नागर, सैनिक कृष्णा धाकड़ अजयपाल सिंह का सहयोग रहा।
हिन्दू संगठन भी कर रहा था पीछा
बताया जा रहा है कि पुलिस को मिली सूचना के साथ हिन्दू संगठन भी गौवंश तस्करी करने वालों का पीछा कर रहा था। पुलिस द्वारा पकड़ी गई पिकअप के दौरान संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गये थे। उन्होने आक्रोश व्यक्त किया यहीं नहीं पिकअप का कांच भी फोड़ दिया। पुलिस ने मामला शांत कराया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment