नीमच। मनासा तहसील के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम तलाऊ में गुरुवार को एक व्यक्ति की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तलाऊ निवासी प्रभूलाल पिता शिवलाल रावत (उम्र 50 वर्ष) गांव में ही स्थित एक किराने की दुकान पर थे, तभी गांव के ही एक आरोपी रामसिंह पिता देवीलाल रावत ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोटें आने के कारण प्रभूलाल की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने परिजनों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया था। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है l
नीमच के तलाऊ में व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या:आरोपी को हिरासत में लिया