बाग। पुलिस थाने के सामने स्थित फल की दुकान में कल रात करीब 12 फीट लंबा अजगर घुसने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुकान के बाहर अजगर दिखाई देने पर राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना सुदर्शन पवार ने सरपंच धर्मेंद्र बामनिया को दी।सूचना मिलते ही सरपंच बामनिया ने भोजन की थाली छोड़कर मौके पर पहुंचने को प्राथमिकता दी। जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक अजगर दुकान के शटर के भीतर प्रवेश कर चुका था। उन्होंने सावधानीपूर्वक अजगर को अपने नियंत्रण में लिया और दुकान से बाहर निकाला। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर अजगर को सुरक्षित जंगल में छुड़वाया गया।सरपंच धर्मेंद्र बामनिया केवल इस घटना में ही नहीं, बल्कि लंबे समय से वन्यजीवों के संरक्षण के लिए निःशुल्क एवं निःस्वार्थ भाव से सेवाएं दे रहे हैं। क्षेत्र में कहीं भी जहरीले सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने की सूचना मिलने पर वे बिना किसी स्वार्थ के मौके पर पहुंचते हैं। कई बार बड़े-बड़े जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ चुके हैं। उनका यह सेवाभावी प्रयास जहां लोगों की सुरक्षा में मददगार साबित हो रहा है, वहीं बेजुबान वन्यजीवों के जीवन की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।एक साल में 20 से 25 अजगर निकलने का अनुमान-सरपंच धर्मेंद्र बामनिया के अनुसार क्षेत्र में अजगर निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पहले सालभर में एक-दो अजगर ही दिखाई देते थे, लेकिन अब अनुमानित रूप से एक वर्ष में 20 से 25 अजगर सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पूर्व स्कूल के समीप भी एक अजगर पकड़ा गया था। इसके अलावा तिखी बायड़ी सहित अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
भोजन छोड़कर अजगर के जीवन की रक्षा को दी प्राथमिकता:सरपंच ने किया 12 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू