बाइक के साथ नाले में बह गया सहायक सचिव -गावड़ी लोधा में देर रात तक तलाशी अभियान

उज्जैन। 2 दिनों से हो रही बारिश के बाद नदी-नालों में उफान आना शुरू हो गया है। गुरूवार देर शाम ग्राम पंचायत से घर लौट रहा सहायक सचिव उफनते नाले के तेज बहाव में बाइक सहित बह गया। तलाश में देर रात तक सर्चिंग की गई, लेकिन पता नहीं चला।
मामला इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गावड़ी लोधा से सामने आया। बुधवार के बाद गुरूवार शाम फिर से तेज बारिश शुरू हुई। इस दौरान ग्राम गावड़ी लोधा पंचायत सहायक सचिव सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा बाइक से अपने घर सिजावदा जाने के लिये निकला। गावड़ी लोधा मार्ग पर नाला पर बनी पुलिया पार करते समय अचानक आये तेज बहाव में बाइक सहित गिर गया और बह निकला। पानी का बहाव इतना तेज था कि बाइक भी नाले में चली गई। कुछ लोगों ने घटनाक्रम देखा तो गांव वालों और परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास टीम के साथ पहुंच गये थे। जानकारी सामने आई कि घटना रात 7.45 बजे के लगभग की है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया लेकिन रात 10 बजे तक कुछ पता नहीं चला। मामले की सूचना होमगार्ड की एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम को दी गई। बड़नगर से रात में टीम पहुंची, लेकिन पानी का बहाव और अंधेरा होने पर तलाशी अभियान में परेशानी होने लगी। बताया जा रहा था कि सुबह उज्जैन से एसडीआरएफ की टीम पहुंचेगी, बावजूद इसके देर रात तक स्थानीय स्तर पर तलाशी अभियान जारी था। परिवार के लोग भी मौके पर देर रात तक खड़े रहे।
इधर बही बाइक, युवक निकला बाहर
तेज बारिश के बीच एक हादसा ग्राम जगोटी से भी शाम 7 बजे के लगभग सामने आया, शाम को खेडा खजूरिया मार्ग स्थित खाल पर बनी पुलिया से बाइक निकालने का प्रयास कर रहा युवक तेज बहाव में बह गया। कुछ दूर जाने के बाद युवक तो किनारे पर आकर बच गया, लेकिन उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में चली गई। युवक का नाम केशुलाल आंजना 47 साल खेड़ा खजूरिया सामने आया है। वह खेत से घर लौट रहा था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment