आवारा कुत्ते का आतंक, 10 से ज्यादा लोगों को काटकर किया घायल: महिलाएं भी हुईं शिकार

शाजापुर। शहर में शनिवार सुबह एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने अलग-अलग क्षेत्रों में हमला कर दस से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। अचानक हुए इन हमलों से शहर के ज्योतिनगर, लक्ष्मीनगर और बस स्टैंड क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत फैल गई। कुत्ते के हमले में घायल हुए लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह से ही एक कुत्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों पर हमला कर रहा था। कुत्ते ने राह चलते लोगों को अपना निशाना बनाया। ज्योतिनगर, लक्ष्मीनगर और बस स्टैंड के आसपास कुत्ते के हमले में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया और लोग घरों से निकलने में भी सतर्क नजर आए।कुत्ते के हमले में घायल होने वालों में आसिफ (25), सोनू जाटव (24), राजेंद्र (29), महेश सिंह (22), सुनीता भिलाला (33), पिरु नाथ (35), सतेंद्र (35), जितेंद्र (42), कुंदन पारछे (30) और संदीप (30) शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। कुछ घायलों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. अरुण पाटीदार ने बताया कि सुबह से अब तक कुत्ते के काटने के दस से अधिक मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। इनमें से कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती भी किया गया है।
नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल-घटना के बाद पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा और आक्रामक कुत्तों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई की जाती तो इस तरह कई लोगों को घायल होने से बचाया जा सकता था। नागरिकों ने नगरपालिका से आवारा कुत्तों को पकड़ने और शहर में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment