सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 19 हजार बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य

ब्यावरा-राजगढ़। राजगढ़ जिले में 14 वर्षीय बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एचपीवी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शनिवार को जिला अस्पताल, राजगढ़ से गरिमामय समारोह के साथ किया गया। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु शिक्षा विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, पंचायत विभाग एवं मैदानी अमले को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है, अत: सभी विभाग पूर्ण सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण करवा रही बालिकाओं को एचपीवी टीके के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और बालिकाओं के उज्ज्वल स्वास्थ्य भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपर जिला दण्डाधिकारी प्रताप सिंह चौहान ने टीकाकरण प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment