महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महाकाल मंदिर पहुंचे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को उज्जैन पहुंचे और श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने भगवान महाकाल का ध्यान किया। पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन कराया।
भगवान वीरभद्र के किए दर्शन
दर्शन के दौरान शिंदे ने सभामंडप में विराजित भगवान वीरभद्र के भी दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष कलवाड़िया ने उन्हें प्रसाद और दुपट्टा भेंट कर स्वागत किया।
किसानों और जनता के लिए प्रार्थना
मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों, महिलाओं और प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। साथ ही महाराष्ट्र के गौरव और भारत की समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा
शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपना गौरव बढ़ा रहा है। महाकाल से उन्होंने देश के उत्थान और समृद्धि की प्रार्थना भी की।
