पुलिस -राजस्व विभाग कार्रवाई में 160 जब्त वाहनों की नीलामी से बाईस लाख का राजस्व प्राप्त

 आलीराजपुर-जिला पुलिस एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत वर्षों से विभिन्न थानों में रखे अपराधों एवं 25 पुलिस एक्ट के तहत जब्त वाहनों का विधिसम्मत निराकरण करते हुए उनकी सार्वजनिक नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस अभियान के तहत जिले के 06 थानों में रखे कुल 160 जब्त वाहनों की नीलामी की गई, जिससे शासन को कुल ₹22,18,500/- (बाईस लाख अठारह हजार पाँच सौ रुपये मात्र) का राजस्व प्राप्त हुआ।
                                                                                                     पुलिस अधीक्षक जिला आलीराजपुर  रघुवंश सिंह ने बताया कि थानों में वर्षों से लंबित पड़े जब्त वाहनों के कारण अभिलेखीय एवं प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ परिसर में स्थान की भी समस्या उत्पन्न हो रही थी। इस स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जब्त वाहनों की नीलामी कराई गई। नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व जिला दण्डाधिकारी, आलीराजपुर के माध्यम से संबंधित वाहन स्वामियों को नियमानुसार अधिसूचनाएं जारी कर अपने वाहन प्राप्त करने का पर्याप्त अवसर दिया गया। निर्धारित अवधि तक किसी प्रकार का दावा अथवा वाहन प्राप्ति के लिए संपर्क नहीं किए जाने पर विधिक प्रावधानों के अनुसार समाचार पत्रों में सार्वजनिक निविदा प्रकाशित कर खुली नीलामी आयोजित की गई। नीलामी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमानुसार संपन्न कराई गई, जिसमें भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्तियों को निर्धारित शुल्क जमा कराने के उपरांत टोकन जारी किए गए।संयुक्त कार्रवाई के दौरान राजस्व अनुभाग आलीराजपुर के अंतर्गत थाना कोतवाली आलीराजपुर, आंबुआ एवं नानपुर तथा राजस्व अनुभाग जोबट के अंतर्गत थाना जोबट, आजादनगर एवं उदयगढ़ में रखे जब्त वाहनों की नीलामी की गई। थाना कोतवाली आलीराजपुर के 75 वाहनों से ₹12,15,500/-, आंबुआ के 10 वाहनों से ₹1,20,000/-, नानपुर के 02 वाहनों से ₹36,000/-, जोबट के 38 वाहनों से ₹3,61,000/-, उदयगढ़ के 30 वाहनों से ₹3,76,500/- तथा आजादनगर के 05 वाहनों से ₹1,09,500/- की राजस्व राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार कुल 160 वाहनों की नीलामी से शासन को ₹22.18 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ।पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने कहा कि “पुलिस एवं राजस्व विभाग के समन्वित प्रयासों से वर्षों से लंबित जब्त वाहनों का विधिसम्मत निराकरण किया गया  इससे एक ओर शासन को राजस्व प्राप्त हुआ है, वहीं दूसरी ओर थाना परिसरों में जप्‍शुदा रखे वाहनों से अतिरिक्‍त स्थान खाली हुआ है। उक्‍त  कार्यवाही अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक आलीराजपुरज्‍योति उमठ बघेल, अअपु आलीराजपुर डॉ0 शक्तिसिंह चौहान एवं अअपु जोबट आशुतोष एवं राजस्‍व विभाग के समन्‍वय से सम्‍पन्‍न कराई गई है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment