उज्जैन। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी द्वारा यात्रियों की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर प्रतिदिन सर्चिंग अभियान चलाया जाता है। गुरूवार को सर्चिंग के दौरान प्लेटफार्म नम्बर 1 पर कम उम्र के बालक-बालिका बैठे दिखाई दिये। उनके साथ कोई नहीं था। दोनों से पूछताछ करने पर उन्होने सीहोर का होना बताया। बालक 17 वर्ष और बालिका 15 वर्ष की थी। दोनों को थाने लाया गया और सीहोर पुलिस से संपर्क कर उनके माता-पिता की जानकारी मांगी। इस दौरान पता चला कि बालिका के अपहृत होने की शिकायत दर्ज है। दोनों के मिलने की सूचना से सीहोर पुलिस को अवगत कराया गया। दोपहर में सीहोर पुलिस बालिका के परिजनों के साथ उज्जैन पहुंचे। दोनों बालक-बालिका को उनके सुपुर्द किया गया है। जीआरपी थाना पुलिस ने बताया कि एक मामले में बिहार निवासी 18 वर्षीय युवक-युवती को भी रेलवे स्टेशन से दस्तयाब किया गया था। दोनों के परिजनों को सूचना दी गई और उनके आने पर सुपुर्द किया गया है।
स्टेशन पर मिले सीहोर से लापता बालक-बालिका