रतलाम। शहर के औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डोसी गांव स्थित पीएम आवास योजना की मल्टी में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बकाया राशि और फ्लैट खाली करने का नोटिस देने पहुंची नगर निगम की टीम पर रहवासियों ने अचानक हमला कर दिया। स्थानीय महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर नगर निगम कर्मियों पर पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।इस वारदात में निगमकर्मी और कवरेज कर रहे एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की कवरेज कर रहे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार राजू केलवा भी असामाजिक तत्वों और आक्रोशित भीड़ के हमले का शिकार हो गए। उनके हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद घायल पत्रकार और चोटिल निगम कर्मियों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हमले में नगर निगम के 3 – 4 कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं, वहीं निगम की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है।
बकाया वसूली और नोटिस देने गई नगर निगम टीम पर पथराव, लाठी-डंडों से हमला; पत्रकार घायल