कान्ह डायवर्शन का धीमा पडा काम  जल संसाधन  ईई को शोकाज नोटिस – सिंगावदा से आगे गंभीर डेम के नीचे निर्माणाधीन टनल के कट एंड कवर कार्य

 

उज्जैन । कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट के काम में धीमी गति को लेकर संभागायुक्त सह मेलाअधिकारी अशीषसिंह ने जलसंसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि टनल खुदाई के बाद पीसीसी एवं सिगमेंट बिछाने के कार्य की दैनिक प्रगति बढ़ाई जाए।

सिंहस्थ महापर्व-2028 के लिए महत्वपूर्ण कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश संभागायुक्त-सह-सिंहस्थ मेला अधिकारी ने दिए है। शनिवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के साथ उन्होंने ग्राम सिंगावदा से आगे गंभीर डेम के नीचे निर्माणाधीन टनल के कट एंड कवर कार्य का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

नाराजगी जताते हुए शोकाज देने के निर्देश-

निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से परियोजना की वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। अपेक्षित गति से कार्य नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश संभागायुक्त ने दिए।

दैनिक प्रगति बढाई जाए-

संभागायुक्त ने टनल खुदाई के बाद पीसीसी एवं सिगमेंट बिछाने के कार्य की दैनिक प्रगति बढ़ाई जाए। परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए प्रतिदिन किए जाने वाले कार्य का स्पष्ट एवं व्यावहारिक प्लान तैयार किया जाए तथा उसी के अनुसार कार्य करते हुए निर्माण की गति में निरंतर वृद्धि की जाए।

अधिकारियों ने बताया कि दीपावली के बाद टनल के खुदाई कार्य के साथ पीसीसी कार्य पूर्ण कर सिगमेंट बिछाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। संभागायुक्त ने नवंबर माह के निर्धारित कार्य प्लान की समीक्षा करते हुए कहा कि अब दिसंबर माह के लिए विस्तृत एवं यथार्थ परक कार्ययोजना तैयार की जाए। निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारी प्लान के अनुसार प्रतिदिन कार्य की प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जा सके।

सिंगावदा के किसानों से चर्चा-

निरीक्षण के दौरान दोनों ही अधिकारियों ने ग्राम के किसानों से भी चर्चा की। उन्होंने किसानों से खाद-बीज की उपलब्धता, फसलों एवं कृषि कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसानों से कान्ह परियोजना को समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए सहयोग करने की समझाइए भी दी। निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी सुश्री दृष्टि जायसवाल, ओमप्रकाश सनोडिया सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी, इंजीनियर एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment