मंदसौर। स्थानीय सीतामऊ फाटक स्थित सिल्वर ऑटो गैरेज में रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि में आग लगने से लगभग तीस से चालीस लाख रुपए का नुकसान हुआ है।प्राप्त जानकारी अनुसार आसपास के लोगों द्वारा आग की ऊंची लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जिसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया गया है कि इस घटना में गैरेज के अंदर रखी दो कारें, एक टू-व्हीलर और स्पेयर पार्ट्स सहित अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गये। जबकि आग की तीव्र गर्मी के कारण बाहर खड़ी अन्य गाड़ियों के शीशे भी चटक गए। गैरेज मालिक के अनुसार उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट से हुआ या किसी ने जानबूझकर आग लगाई है। हालांकि, समय पर फायर ब्रिगेड के पहुंच जाने से आसपास की दुकानों और बड़े नुकसान को टालने में मदद मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।