नीमच ।- जिले मे पुलिस कॉम्बिग गस्त मे पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना जीरन के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 05 हजार रुपये के इनामी आरोपी पप्पु उर्फ पियुष बंजारा को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन वाहन चेकिंग हेतु पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 26 जून 2024 को थाना जीरन पुलिस को आरोपी ललित पिता किशनलाल देवासी, उम्र 22 वर्ष, निवासी राईकों की ढाणी, निम्बाड़ा सोमेसर, जिला पाली (राजस्थान) को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना जीरन पर अपराध क्रमांक 188/2024, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि उक्त डोडाचूरा की व्यवस्था आरोपी जगदीश निवासी सावलता, जिला पाली (राजस्थान) एवं पप्पु उर्फ पियुष पिता पीरूलाल बंजारा, निवासी उचेड़, थाना मनासा, जिला नीमच द्वारा की गई थी। आरोपी जगदीश द्वारा अपने साथी ललित के साथ मिलकर बिना नंबर की स्कॉर्पियो में उचेड़ क्षेत्र से डोडाचूरा भरवाकर परिवहन किया जा रहा था। प्रकरण में आरोपी जगदीश एवं पप्पु उर्फ पियुष बंजारा घटना के समय से ही फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए 05 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी पप्पु उर्फ पियुष बंजारा, उम्र 32 वर्ष, निवासी उचेड़, थाना मनासा, जिला नीमच को गिरफ्तार किया गया।