मक्सी रोड डिपो पर बन रहे 10 करोड़ के चार्जिंग स्टेशन का महापौर ने किया निरीक्षण 100 से अधिक बसों की क्षमता वाला आधुनिक चार्जिंग स्टेशन जल्द बनकर होगा तैयार 

उज्जैन। शहर में आधुनिक परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए मक्सी रोड स्थित सिटी बस डिपो पर लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। उज्जैन में बन रहा यह चार्जिंग स्टेशन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का केंद्र रहेगा। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन तैयार होते ही 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। जिससे शहरवासियों को बेहतर सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा मिलेगी।शनिवार को महापौर श्री मुकेश टटवाल ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्री कृष्णा भूरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल वर्कशॉप बिल्डिंग और ऑफिस का निर्माण कार्य चल रहा है। यह चार्जिंग स्टेशन तैयार होने के बाद 100 से अधिक बसों को एक साथ चार्ज करने की सुविधा प्रदान करेगा। इससे शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।
इस परियोजना में यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए मीटिंग रूम, डिपो मैनेजर कक्ष, ऑफिस रूम और गार्ड रूम जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी बनाई जा रही हैं। इससे बस संचालन को बेहतर और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
महापौर श्री टटवाल ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment