उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में वर्षों पूर्व निजी व्यक्ति अथवा अन्य द्वारा गर्भगृह के भीतर किसी प्रकार की फोटो या वीडियो शूटिंग करना पूर्णतः वर्जित किया गया था। शुरूआत में इसे स:शुल्क किया गया था और बाद में मंदिर समिति के विडियो एवं फोटोग्राफर के माध्यम से ही किया गया। इसी तर्ज पर अब क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों की प्रबंध समिति भी निर्णय ले रही है। हाल ही में मां बगलामुखी मंदिर नलखेडा में भी फोटो एवं विडियोग्राफी प्रतिबंधित कर दी गई है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने करीब डेढ दशक पूर्व अपने निर्णय के तहत सशुल्क गर्भगृह में विडियो एवं फोटोग्राफी की अनुमति देना शुरू किया था। इसके बाद बराबर इस नियम को चलाया गया। लंबे समय के अंतराल के बाद विडियो शुटिंग एवं फोटोग्राफी पर आपत्ति उठने पर इसे भी प्रतिबंधित कर दिया गया। बकौल सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल गर्भगृह में फोटो एवं विडियोग्राफी प्रतिबंधित है। अनुमति पर मंदिर समिति के विडियोग्राफर ही उसे करते हैं। मेरी पदस्थी के पूर्व से ही यहां पर फोटो एवं विडियोग्राफी को लेकर नियम लागू हैं।
पूर्व में शुल्क लेकर अनुमति-
इधर सामने आया कि पिछले कुछ वर्षों से इस नियम में सख्ती की गई और इसे पूरी तरह से ही निजी व्यक्ति के स्तर पर वर्जित कर दिया गया। वर्षों पूर्व मंदिर समिति विडियो कैमरा एवं फोटो कैमरा के आधार पर किसी समय में दो हजार पांच सौ एवं उसके बाद तीन हजार पांच सौ रूपए लेकर अनुमति देती थी। कुछ वर्ष पूर्व ऐसे ही मामले में विडियोग्राफी को लेकर आपत्ति की स्थिति बनने पर इसे भी बंद कर दिया गया। बकौल सहायक प्रशासक श्री जूनवाल धर्मस्थल की पवित्रता एवं मर्यादा को लेकर इसे लागू किया गया।
अनुमति से हो सकेगी फोटो-वीडियो शूटिंग –
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माँ बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा के गर्भगृह की किसी भी प्रकार की फोटो, वीडियो, रील अथवा अन्य शूटिंग को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। पवित्रता एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने हेतु प्रशासन द्वारा यह महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। गर्भगृह में शूटिंग का कार्य केवल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पूर्व में अधिकृत एवं अनुमति प्राप्त व्यक्ति द्वारा ही किया जा सकेगा। यह अनुमति भी समिति के दिशा-निर्देशों एवं निगरानी में ही मान्य होगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी श्रद्धालु, निजी व्यक्ति अथवा अन्य द्वारा गर्भगृह के भीतर किसी प्रकार की फोटो या वीडियो शूटिंग करना पूर्णतः वर्जित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सचिव माँ बगुलामुखी मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि वे मंदिर की पवित्रता एवं गरिमा बनाए रखने के लिए जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।