रामघाट पर हुई मारपीट के बाद बुधवार को पुलिस और नगर निगम प्रशासन एक्शन में नजर आया रामघाट क्षेत्र से निगम ने हटाया अवैध अतिक्रमण, 8 लाउडस्पीकर सहित गुमटियां और ठेले जब्त निगम की चेतावनी—दोबारा अतिक्रमण मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

उज्जैन। शिप्रा नदी के रामघाट पर पूजन सामग्री बेचने वाली महिलाओं और पुजारियों के बीच हुई मारपीट के बाद बुधवार को पुलिस और नगर निगम प्रशासन एक्शन में नजर आया।
नगर निगम ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के सहयोग से रामघाट क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान घाट परिसर से अवैध रूप से लगाए गए अतिक्रमणों को सख्ती के साथ हटाया गया, जिससे श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सके। हाल ही में रामघाट क्षेत्र का एक मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था वीडियो में पुजारी ने आरती में उपयोग होने वाले पीतल के दीपक से पूजन सामग्री बेचने वाली महिलाओं पर हमला किया। हालांकि मामले में महाकाल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त एक्शन लेते हुए रामघाट पर फैली अव्यवस्था के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए यहां फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को अभियान चलाया। अभियान के दौरान निगम की टीम ने 8 लाउडस्पीकर, 5 गुमटियां, 1 काउंटर, 5 हाथ ठेले सहित अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटाया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देशन में की गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि रामघाट शहर का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। यहां किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण घाट की सुंदरता और शहर की छवि को प्रभावित नहीं करने दिया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान निगम की रिमूवल गैंग द्वारा मुनादी कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अवैध अतिक्रमण किया गया तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अतिक्रमण गैंग प्रभारी मोनू थनवार, नगर निगम की रिमूवल गैंग के कर्मचारी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment