ब्यावरा। राजगढ़ जिले के लीमा चौहान थाना अंतर्गत ग्राम निपानिया में प्रधानमंत्री रोजगार सड़क निर्माण योजना के तहत नाली निर्माण कार्य के दौरान साइड की कच्ची दीवार की मिट्टी अचानक धंस गई, जिससे दो मजदूर संजू पिता देवीराम बंजारा और सानू पिता अमरसिंह बंजारा मिट्टी में दब गए। दोनों मजदूर ग्राम हरिपुर थाना नजीराबाद जिला भोपाल के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना लीमा चौहान पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस बल एवं दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू प्रारंभ किया। पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया। इस दौरान प्रधान आरक्षक अमितेंद्र रघुवंशी एवं दिवाकर वर्मा ने मौके पर ही सीपीआर प्रदान कर सानू पिता अमरसिंह बंजारा की सांसें पुन: चालू कर उसे जीवनदान दिया। तत्पश्चात उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी स्थिति सामान्य है। वही एक अन्य मजदूर संजू पिता देवीराम बंजारा को मृत अवस्था में निकाला गया। शव का पोस्टमार्टम कराया तथा वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
नाली निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत दूसरा गंभीर घायल