मंडलेश्वर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार लावारिस एवं जब्त वाहनों के निराकरण की कार्रवाई के तहत मंगलवार को थाना मंडलेश्वर परिसर में 44 लावारिस मोटरसाइकिलों की विधिवत नीलामी की गई। नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से शासन को कुल 2 लाख 64 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण अनुराग के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक खरगोन रविंद्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुंतला रहल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों में वर्षों से जब्त एवं लावारिस वाहनों के नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई की है।
इसी क्रम में थाना मंडलेश्वर में पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत जब्त 44 मोटरसाइकिलों का मूल्यांकन कर नीलामी की प्रक्रिया पूर्ण की गई।नीलामी की कार्रवाई के लिए नायब तहसीलदार बलराम चौहान को अधिकृत किया गया था। उनकी उपस्थिति में 4 अगस्त 2026 को थाना परिसर में पारदर्शी एवं नियमानुसार नीलामी संपन्न हुई। इस दौरान थाना प्रभारी पंकज तिवारी सहित थाना मंडलेश्वर का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।नीलामी के दौरान सभी 44 मोटरसाइकिलों की बिक्री से कुल 2,64,500 रुपये की राजस्व राशि प्राप्त हुई। पुलिस विभाग ने बताया कि इसी प्रकार की कार्रवाई निकट भविष्य में जिला खरगोन के अन्य थानों में भी की जाएगी, जिससे लंबे समय से थानों में खड़े लावारिस एवं जब्त वाहनों का नियमानुसार निराकरण किया जा सके।