इंदौर।इंदौर के सरवटे बस स्टैंड स्थित एक होटल की छत पर गुरुवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि मोबाइल टॉवर, शेड और वहां रखा पुराना सामान जलकर खाक हो गया।फायर ब्रिगेड के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि छोटी ग्वालटोली स्थित वैष्णो होटल के टॉवर एरिया में आग लग गई है। सूचना के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और छत पर पानी डालकर आग बुझाई गई।
आगजनी में होटल की छत पर लगा शेड, मोबाइल कंपनी का टॉवर और पुराना सामान पूरी तरह जल गया। आग बुझाने में करीब 2 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। होटल महेश शर्मा का बताया जा रहा है।वहीं बुधवार रात लकड़ी पीठा क्षेत्र में एक लकड़ी गोदाम में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। वहां भी दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में करीब 30 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया। गोदाम मालिक का नाम सामने नहीं आया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।