रामजानकी मंदिर की बेशकीमती भूमि से प्रशासन ने हटाया अवैध कब्जा

मंदसौर। जिले के दलौदा रेल क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार तड़के प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी व बुलडोजर की सहायता से टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर मंदिर की भूमि को पूरी तरह से कब्जामुक्त कराया। संवेदनशीलता को देखते हुए अलसुबह शुरू की गई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और भारी पुलिसबल तैनात रहा।  प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी मुमताज पिता मोहम्मद हुसैन तथा मुबारक पिता उस्मान ने मंदिर की जमीन पर अवैध रूप से टीन शेड डालकर कब्जा कर रखा था। कार्रवाई के दौरान एसडीएम शुभम पाटीदार, एसडीओपी कीर्ति बघेल, तहसीलदार ब्रजेश मालवीय सहित दलौदा, भावगढ़ और अफजलपुर थाना प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी शासकीय या धार्मिक संस्थान की भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment