मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने क्षेत्र विभिन्न नकबजनी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित चोरी का मश्रुका बरामद किया है।एसपी विनोद कुमार मीणा के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही थी। पहली घटना 20 जनवरी 2026 को हुई थी, जहां प्रार्थी आशीष चौहान के घर से अज्ञात चोर दिन में सोने-चांदी के पुराने जेवरात चुरा ले गए थे। इसके अलावा, 10 अक्टूबर 2026 को जीवन सिंह निवासी हिंगोरिया छोटा के घर से भी रात के समय जेवरात चोरी हो गए थे।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दिनांक 24 अक्टूबर को आरोपी प्रदीप उर्फ हनिश पिता हरिश्चंद्र सिंगावत और परवेश उर्फ परवेज पिता प्रकाश मालवीय दोनों निवासी हाड़ी पिपलिया, थाना मनासा, जिला नीमच को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नारायणगढ़ और नई आबादी थाना क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही से चांदी के पायजेब, बिछिया, कड़े, सोने के मोतियों वाली पोची और 20 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। प्रकरण में फरार सुरेन्द्र पिता शम्भुलाल मालवीय, निक्की पिता श्यामलाल मालवीय, राजीव उर्फ राजु पिता सुरेश मालवीय तीनों निवासी हाडी पिपलिया व अभिषेक डाबर निवासी बर्डिया थाना मनासा की तलाश जारी है।
नारायणगढ़ पुलिस ने किया नकबजनी की वारदातों का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार