इंदौर।इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पैसे निकालने में मदद करने का झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और बाद में खाते से 20 हजार से अधिक रुपए निकाल लिए। पुलिस ने जांच कर मंगलवार को एफआईआर की है।पुलिस के अनुसार 74 साल के महेश वर्मा निवासी परदेशीपुरा 17 मई की शाम परदेशीपुरा चौराहे पर राखोड़ी धर्मशाला के नीचे एसबीआई एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मशीन में कार्ड फंस रहा था। उन्हें दिक्कत आ रही थी। बाहर की तरफ दो अज्ञात युवक खडे़ थे, जो कुछ देर बाद उनके पास आए और मदद करने की बात कही। उन्होंने एटीएम लगाने का तरीका बताया, इसी दौरान कार्ड बदल लिया। बातचीत के दौरान उन्होंने पिन नंबर भी देख लिया।कुछ देर बाद उन्होंने रुपए नहीं निकलने की बात कही और दोनों युवक वहां से चले गए तो महेश वर्मा ने कार्ड देखा और उन्हें संदेह हुआ कि यह उनका एटीएम कार्ड नहीं है। इसके बाद वे घर पहुंचे और अपने बेटे अभिदित्य वर्मा को पूरी घटना की जानकारी दी। इसी बीच शाम करीब 6:30 बजे से 7 बजे के बीच उनके मोबाइल पर खाते से रकम निकाले जाने के एसएमएस आने लगे।जानकारी के अनुसार बदमाशों ने आईटीआई कनकेश्वरी क्षेत्र से 10-10 हजार रुपए के दो ट्रांजेक्शन किए, जबकि एक अन्य 100 रुपए का ट्रांजेक्शन बापट चौराहा क्षेत्र में किया गया। बेटे ने तत्काल बैंक से संपर्क कर एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया, लेकिन तब तक आरोपी खाते से कुल 20,100 रुपए निकाल चुके थे। मामले मे पीड़ित बुजुर्ग ने लिखित शिकायत की थी।
बुजुर्ग की मदद के बहाने आए युवक ने झांसा देकर ATM कार्ड बदलकर निकाले 20 हजार रुपए