दानदाता के आंसू पर गुस्साकर उबल पडी छात्र शक्ति ने पसीना बहाया,3 माह में पूर्ण होगा माकडौन कालेज भवन

उज्जैन। जिले के माकडौन तहसील में एक दशक पूर्व महाविद्यालय की शुरूआत हायर सेकेंडरी स्कूल के 3 कक्षों में कर दी गई थी। महाविद्यालय भवन को लेकर दान में मिली 8 बीघा जमीन पर पिछले 8 वर्ष से भवन का निर्माण जारी है। भवन नहीं होने से विद्याथियों को हो रही परेशानी के चलते जमीन के दानदाता दंपत्ति एवं छात्र शक्ति ने एक जुटता के साथ आंदोलन छेडा तो लोक निर्माण विभाग अगले तीन माह में कालेज भवन को पूर्ण कर देने के लिए तैयार हुआ है।एक दशक पूर्व माकडौन में महाविद्यालय भवन की शुरूआत की गई थी। इसके लिए उच्च शिक्षा का करीब 35 कर्मचारियों का स्टाफ जुटाया गया। कालेज तीन कमरों में संचालित होने की स्थिति में नगर के पास जमीन देख रहा था लेकिन उसे उचित जमीन नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में माकडौन के नि:संतान दंपत्ति शिवनारायण-लक्ष्मीबाई पाटीदार ने नगर से लगी हुई नांदेड रोड की करोडों की 8बीघा जमीन शासन को दान में देकर पहल की।वर्ष 2018 में माकडौन महाविद्यालय निर्माण की राशि 546.17 लाख मंजूर की गई थी इसके निर्माण की एजेंसी लोक निर्माण विभाग पीआईयू को नियुक्त किया गया था। भवन का ठेका दिए जाने के बाद से वह आज तक निर्माणाधीन ही है। पिछले 8 वर्ष में भी इसकी पूर्णता नहीं हो सकी।दंपत्ति निराश,छात्र शक्ति आई साथ-कालेज भवन के निर्माण को लेकर जमीन के दानदाता पाटीदार दंपत्ति को इससे निराशा की स्थिति देखने को मिल रही थी। इसी के चलते नगर के विद्यार्थियों ने एबीवीपी के बैनर तले आंदोलन की शुरूआत कर दी। पहले चरण में धरना दिया गया और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया इसके बाद गुरूवार को दोपहर उपरांत नगर के मुख्य मार्ग मंडी चौराहा पर जमीन के दानदाता दंपत्ति को साथ लेकर 4 घंटे से अधिक चक्काजाम कर दिया। इनकी मांग थी कि महाविद्यालय का कार्य पूर्ण कर उसे हैंडओवर किया जाए। इसका नाम शिव –लक्ष्मी महाविद्यालय किया जाए। इस दौरान दानदाता दंपत्ति ने भी छात्र शक्ति को संबोधित किया और उन्होंने कहा कि कालेज की शुरूआत होने पर वे उद्घाटन पर भी जमकर खर्चा करेंगे । माता सरस्वती की प्रतिमा स्थापना स्वयं के व्यय से लगवाएंगे सात दिवसीय भागवत कथा व भंडारा विद्यार्थी हित में करेंगे।ऐसे निकला परिणाम 3 माह में पूर्ण होगा काम-चक्काजाम का परिणाम यह निकला कि ताबडतोड 31 दिसंबर तक कालेज भवन उच्च शिक्षा विभाग को हैंडओवर करने का लिखित आश्वासन विद्यार्थियों एवं जमीन दानदाता को दिया गया है। तहसीलदार रमेशचंद्र सिसौदिया बताते हैं कि यह काम पिछले कई वर्षों से चल रहा था। ठेकेदार का भूगतान रूका होने की स्थिति में उसने अंतिम दौर का काम रोक दिया । शहर के मुख्य मार्ग पर विद्यार्थियों ने जमीन के दानदाता के साथ चक्काजाम आंदोलन किया। उन्हें लोक निर्माण विभाग पीआईयू ने लिखकर दिया है 3 माह में कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद आंदोलनकारी माने। यह पूरा आंदोलन नगर के मुख्यमार्ग मंडी चौराहा पर किया गया।एक पत्र से आंदोलन में गर्माहट फैली-धरना के बाद एक दम से पूरे आंदोलन में तेजी आने के पीछे का कारण सामने आया कि उच्च शिक्षा विभाग की और से 22 सितंबर 26 का एक पत्र विद्यार्थियों के हाथ लग गया जिसमें विभाग के आयुक्त प्रबल सिपाहा ने  मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को माकडौन  महाविद्यालय भवन निर्माण को लेकर लिखा था इसमें खूद उन्होंने लिखा है कि शासकीय महाविद्यालय माकडोन के भवन निर्माण हेतु राज्य शासन के आदेश 09.02.2018 द्वारा राशि रू. 546.17 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। संदर्भित पत्र दिनांक 08.06.2026 द्वारा अवगत कराया गया है कि शासकीय महाविद्यालय माकडोन की आई.डी. से योजना क्रमांक-7643 के अंतर्गत अन्य दो विभागीय निर्माण कार्य का भुगतान कर दिया गया है एवं माकडोन की आई.डी. में राशि उपलब्ध नहीं है। यह प्रकरण दिनांक 10.07.2026 को स्थायी वित्तीय समिति के संज्ञान में लाया जा चुका है।  श्री सिपाहा ने पत्र में लिखा कि प्रशासकीय स्वीकृति की सीमा के अंदर अन्य आई.डी. के माध्यम से भुगतान कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने हेतु अनुमति प्रदान की जाती है। इस विषय में लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही कर अवगत कराने का कष्ट करें।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment