यूजीसी हटाओ, न्याय पदयात्रा’ से पहले पुलिस कार्रवाई का किया विरोध, मकराना की बिना शर्त रिहाई की मांग

नागदा। सवर्ण युवाओं के अधिकारों की मांग को लेकर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना द्वारा 11 नवंबर को रतलाम से भोपाल तक ‘यूजीसी हटाओ, न्याय पदयात्रा’ निकाली जाने वाली थी। इससे पहले रतलाम पुलिस प्रशासन द्वारा राजपूत छात्रावास से महिपाल सिंह मकराना को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भेरूसिंह चौहान ने कड़ा विरोध जताया है।ठाकुर भेरूसिंह चौहान ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से चर्चा कर गिरफ्तारी की कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि महिपाल सिंह मकराना की गिरफ्तारी न्यायोचित नहीं है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाने का सभी को अधिकार है।श्री चौहान ने कहा कि यूजीसी जैसा काला कानून वास्तव में वापस होना चाहिए। यूजीसी रोल बैक की मांग को लेकर पूरे देश के सवर्ण समाज में रोष व्याप्त है। सरकार को समय रहते इस कानून एवं संशोधन-2026 को निरस्त करना चाहिए तथा समाज की भावनाओं और युवाओं की मांगों को गंभीरता से समझना चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि सरकार समय रहते इस विषय पर उचित निर्णय नहीं लेती है तो आने वाले चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ठाकुर चौहान ने मांग की कि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाए।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment