बेडिया। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक भाई दूज का पर्व ग्राम बेडिया में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर घरों में खास रौनक रही। बहनों ने विधि-विधान से भाइयों का तिलक कर आरती उतारी और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर स्नेह और सम्मान जताया।कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व का धार्मिक महत्व भी विशेष है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका तिलक कर सत्कार किया था। बहन के प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाने वाले भाई को दीर्घायु का आशीर्वाद दिया था।इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए बेडिया में भी भाई-बहनों ने पर्व मनाया। इस दौरान रिश्तों में अपनापन, प्रेम और पारिवारिक एकजुटता की झलक देखने को मिली। भाई दूज ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भाई-बहन का रिश्ता जीवनभर साथ निभाने वाले विश्वास और स्नेह की अनमोल डोर है।
पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते का पर्व