बुरहानपुर। रविवार की रात करीब 10:40 बजे बुरहानपुर का सबसे व्यस्त इलाका इकबाल चौक अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। पुलिस कंट्रोल रूम के ठीक सामने स्थित सुपर टीवी शोरूम में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरा शोरूम आग की चपेट में आ गया और चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया।
शोरूम के ऊपर ही परिवार रहता है। आग लगते ही परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया। लेकिन इसी बीच एक युवक शोरूम के अंदर फंस गया। चारों तरफ आग और धुआं देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई।
*स्थानीय लोगों की बहादुरी से बची जान-ऐसे मुश्किल समय में इकबाल चौक के स्थानीय लोगों ने हिम्मत और मानवता की मिसाल पेश की। लोगों ने बिना देर किए दमकल की सीढ़ी की मदद से अंदर फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक के बाहर आते ही वहां मौजूद भीड़ ने राहत की सांस ली।
*क्या है शोरूम, आग का कारण अज्ञात-बताया जा रहा है कि यह शोरूम विनोद शंखपाल का है, जहां टीवी और इलेक्ट्रॉनिक सामान का कारोबार होता है। आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है। शोरूम में भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान होने के कारण आग तेजी से फैली।
*पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा-सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकलकर्मियों का पूरा साथ दिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास की 4 दुकानों को खाली कराया, ताकि आग और न फैले।आग की लपटें पड़ोस के एक मकान तक भी पहुंच गई थीं, जिससे वहां भी दहशत फैल गई। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे।रात 11:20 बजे तक मौके पर 8 से ज्यादा दमकल गाड़ियां पहुंच चुकी थीं और आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर जारी था।फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।