ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे हेड कांस्टेबल की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम

मंदसौर। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह भदोरिया की असमय मृत्यु हो गई। वे दलौदा थाने में अपनी ड्यूटी पूरी कर कार से घर की ओर लौट रहे थे, तभी थाने से मात्र 300 मीटर की दूरी पर एक ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद डायल-112 की टीम द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डाँक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुँचने से पूर्व ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।प्राथमिक जाँच में अत्यधिक अंदरूनी चोट लगने को मौत का कारण माना जा रहा है।हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं जवान जिला अस्पताल पहुँच गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रक एवं उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के निवासी मुकेश सिंह भदोरिया का परिवार लंबे समय से मंदसौर में ही रह रहा है। उनके पिता भी पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके छोटे भाई मंदसौर सिटी कोतवाली में हेड कांस्टेबल तथा बड़े भाई इंदौर के आजाद नगर थाने में टीआई के पद पर कार्यरत हैं। पोस्टमार्टम के पश्चात् शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment