अनियंत्रित कार ने मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को रौंदा, 7 घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने 2 घंटे किया हाईवे जाम

मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुपरा स्थित इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास रविवार देर रात हुए गणेश आरती और प्रसादी वितरण के बाद मंदिर से बाहर निकल रही श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित काले रंग की कार क्र. आरजे 45 सीएस 0432 ने जोरदार टक्कर मार दी। रात करीब 11.30 बजे हुए इस हादसे में 6 महिलाएं और एक 13 वर्षीय बच्ची घायल हो गईं, जिनमें से 4 महिलाओं को गंभीर चोंटे आई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर ही कार चालक सुजानपुरा निवासी अर्जुन सिंह (32) को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और वाहन में तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना पुलिस ने पहुंचकर चालक को ग्रामीणों के बीच से छुड़ाकर हिरासत में लिया। सभी घायलों को तत्काल पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना के विरोध में सोमवार को घायलों के परिजन और ग्रामीण पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर पिपलियामंडी थाने पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब 2 घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मल्हारगढ़ एसडीओपी पिंटू बघेल, एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल और भारी पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन और समझाइश देने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment