महिदपुर के आरक्षक को मनवीयता का मिला इनाम चलती गाड़ी में सीपीआर देकर महिला की बचाई जान

उज्जैन। डायल 112 पर मिले इवेंट पर पहुंची पुलिस को भीड़ के बीच महिला बेहोश पड़ी दिखाई दी। उसे एफआरवी में डाला गया, उसकी हालत गंभीर दिखाई दे रही थी। चलती गाड़ी में आरक्षक ने उसे सीपीआर दिया, अस्पताल पहुंचने पर महिला की जान बच गई।
महिदपुर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि डायल 112 पर इवेंट मिला था कि डाबली खम्मा में एक महिला बेहोश पड़ी है। एफआरवी पायलेट मुकेश परमार, आरक्षक मोसिन मंसूरी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। सड़क पर बेहोश पड़ी महिला के आसपास काफी भीड़ लगी थी। आरक्षक और नगर सुरक्षा समिति सदस्य ने लोगों को हटाया और महिला को उठाकर एफआरवी में डाला। महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई थी उसी सांसे उखड़ रही थी। आरक्षक मोसिन ने चलती गाड़ी में उसे सीपीआर देना शुरू किया। करीब 5 से 7 मिनट तक सीपीआर देने के बाद महिला की सांसे चलने लगी थी। पायलेट तेजी के साथ अस्पताल पहुंचा। तत्काल महिला को उपचार के लिये भर्ती किया। डॉक्टरों ने परीक्षण किया तो महिला का शुगर लेवल काफी कम होना पाया गया, वह गर्भवती थी। डॉक्टरों ने बताया कि सही समय पर अस्पताल पहुंचने पर महिला की जान बच गई है। आरक्षक ने महिला के परिजनों का पता लगाने के प्रयास शुरू किये। कुछ देर बात पता चला कि महिला ग्राम ग्राम बम्बोरी थाना घटिया की रहने वाली संतोषी कुंवर पति समरथ सिंह है। परिजन जानकारी मिलने पर महिदपुर शासकीय अस्पताल पहुंच गये थे।
पति से मिलने आई थी उपजेल
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के परिजनों से चर्चा में सामने आया कि संतोषी कुंवर का पति एक अपराधिक मामले में महिदपुर की उपजेल में कुछ महिनों से बंद है। संतोषी कुंवर अकेली घट्टिया से बस में पति से मिलने जेल आई थी। वापस लौटते समय उसकी तबीयत बिगड़ी है। थाना प्रभारी के अनुसार महिला की हालत अब पूरी तरह से ठीक है।
एसपी ने की तत्परता और मानवीयता की सराहना
डायल 112 पर इवेंट मिलने और तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला की जान बचाने के लिये सीपीआर देने वाले आरक्षक की तत्परता और मानवीयता की एसपी प्रदीप शर्मा द्वारा सराहना की गई। आरक्षक को 10 हजार का केश रिवार्ड देने की घोषणा की गई है। पुलिस विभाग में सभी को समय-समय पर सीपीआर  के साथ आमजन की सुरक्षा को लेकर ट्रेनिंग दी जाती है। उसी का परिणाम रहा कि आरक्षक ने महिला की जान बचा ली।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment