भोपाल में आज होगा प्रदेश का सबसे बड़ा मटकी फोड़ महोत्सव

भोपाल में आज होगा प्रदेश का सबसे बड़ा मटकी फोड़ महोत्सव

अभिनेता सुनील शेट्‌टी और गायक सवाई भट्ट रहेंगे विशेष आकर्षण

भोपाल आज जन्माष्टमी की भक्ति और उल्लास से सराबोर रहेगा। राजधानी के करोंद चौराहे पर प्रदेश का सबसे बड़ा मटकी फोड़ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन में बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्‌टी और इंडियन आइडल से चर्चित गायक सवाई भट्ट विशेष मेहमान के रूप में मौजूद रहेंगे।

2003 से लगातार जारी परंपरा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति के अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने बताया कि वर्ष 2003 से लगातार इस प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। समय के साथ यह न सिर्फ भोपाल बल्कि पूरे प्रदेश की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता बन चुकी है।

हजारों दर्शकों की उमड़ने की संभावना

हर साल की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई टीमें हिस्सा लेंगी। युवाओं की टोली ऊंचाई पर लटकी मटकी को फोड़ने का प्रयास करेगी। आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

सामाजिक संदेश भी रहेगा प्रमुख हिस्सा

महोत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें सामाजिक संदेश भी दिए जाएंगे। आयोजन के दौरान बाल विवाह रोकथाम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नशामुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

सितारों से बढ़ेगा उत्साह

समिति का मानना है कि सुनील शेट्‌टी की उपस्थिति और सवाई भट्ट की गायकी से युवाओं का उत्साह कई गुना बढ़ जाएगा। जहां सुनील शेट्‌टी अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम को खास बनाएंगे, वहीं सवाई भट्ट अपनी गायकी से माहौल को भक्तिमय कर देंगे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment