उज्जैन में शनिवार की शाम को अचानक मौसम में बदलाव हो गया। आसमान में काले बादल छा गए और बिजलियां भी चमकने लगी। हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद देर रात 1 बजे बाद तेज बारिश हुई। इससे कई जगह पेड़ की शाखाएं गिर गई और पानी भी भर गया। मई माह में प्री मानसून की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
मौसम में भी परिवर्तन दिखाई दे रहा हैं। कभी तेज धूप और उमस तो कभी बादल छा रहे हैं और बारिश भी हो रही हैं। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान एक बार फिर बढक़र 39.5 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं रात में बारिश के कारण रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई और यह 23 डिग्री दर्ज किया गया।
रात में करीब 8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मई माह में अब तक कुल 53 मिमी वर्षा हो चुकी हैं। बारिश के कारण कई जगह पर पानी भर गया और पेड़ों की शाखाएं भी गिरी हालांकि रात होने से कोई जनहानि नहीं हुई।
रविवार को सुबह से फिर गर्मी रही, लेकिन शाम को फिर मौसम हल्का हो गया और हल्की फुल्की ठंडक बन गई। मौसम विभाग ने आज भी तेज धूप के साथ लू चलने की आशंका जताई हैं।
बारिश के कारण बिजली गुल हो गई, जिससे शहर में कई जगह पर पानी की टंकियां नहीं भर पाई। इससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा और वे जोन कार्यालय शिकायत लेकर पहुंचे। शहर में इन दिनों एक दिन छोडक़र जल प्रदाय किया जा रहा हैं।
