रतलाम। पुलिस ने थाना बिलपांक क्षेत्र में सराफा व्यापारी के साथ हुई बड़ी लूट की घटना का त्वरित एवं सफल पर्दाफाश करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने के आभूषण एवं 4.047 किलोग्राम चांदी के आभूषण, कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹5.5 करोड़, का लूटा गया मशरूका बरामद किया है।घटना के बाद पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक, साइबर तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज, एवं मैदानी पुलिसिंग के समन्वित प्रयास से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
*घटना का विवरण -फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरड़िया, निवासी 24 जैन कॉलोनी रतलाम, गणेश मार्केट, चांदनी चौक रतलाम में सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करते हैं तथा बड़नगर के व्यापारियों के साथ भी सोने के आभूषणों का व्यापार करते हैं।लगभग 09:15 से 09:30 बजे के मध्य बस के हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा क्षेत्र में पहुंचने पर बस में बड़नगर से सवार दो व्यक्ति अचानक फरियादी के पास पहुंचे और उसका बैग छीनने का प्रयास किया। फरियादी द्वारा बैग को पकड़कर विरोध करने एवं शोर मचाने पर 03 अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बैग छीनकर मौके से सभी पाँचो आरोपी फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी तथा फरियादी के आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। घटना की सूचना फरियादी द्वारा अपने परिजनों को देने के बाद पुलिस चौकी धराड़ पर दी गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन राकेश गुप्ता के निर्देशन में, पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।सायबर सेल द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल इनपुट का विश्लेषण किया गया। डिजीटल साक्ष्यो के आधार संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी एकत्रित की गई। प्राप्त तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित किया गया। दिनांक 15.08.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि घटना में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं तथा लूट का सामान भी उनके पास है। सूचना पर पुलिस टीमों द्वारा घेराबंदी कर 06 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों से पूछताछ करने पर आरोपियो द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया।पुलिस द्वारा सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद किए गए।