इंदौर।शेयर मार्केट में निवेश पर 30 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से 33.50 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी को वॉट्सएप मैसेज के जरिए संपर्क किया और उसे एक ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में निवेश करवाया। कई महीने तक मुनाफा नहीं मिलने पर जब कारोबारी ने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे ग्रुप से बाहर कर मोबाइल बंद कर लिए। शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।निवेश में फायदे का दिया झांसा-क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, कारोबारी वीरेन्द्र वर्मा ने शिकायत में बताया कि मई 2025 में उसके पास व्हाट्सऐप पर एक मैसेज आया था। इसमें शेयर मार्केट में निवेश करने पर 30 प्रतिशत तक मुनाफा देने का दावा किया गया था। इसके बाद उसे ‘मार्गन एंजल’ नाम के ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में गोकुल नाम का व्यक्ति एडमिन था।
गोकुल ने वीरेन्द्र से बातचीत के बाद उसे भाग्यश्री नाम की युवती का मोबाइल नंबर दिया। युवती ने खुद को गोकुल की असिस्टेंट बताया और वीरेन्द्र का ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। इसके बाद आरोपियों ने मई से जुलाई 2025 के बीच अलग-अलग खातों में उससे निवेश करवाया। कारोबारी ने कुल करीब 33.50 लाख रुपए निवेश किए।