चाचा-भतीजे का अपहरण कर बेरहमी से पीटा: पता पूछने के बहाने बाइक पर ले गए: तीन आरोपियों पर FIR दर्ज

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाइक सवार चाचा-भतीजे को आधा दर्जन बदमाशों ने रास्ते में रोककर जबरन अगवा कर लिया। आरोपी दोनों को नीलगिरी परिसर स्थित खदान पर ले गए और रितिक यादव के बारे में पूछताछ करते हुए डंडों से जमकर मारपीट की। राहगीरों के बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

कॉलेज के पास रोका-पुलिस के मुताबिक, फरियादी रितिक सिंह उर्फ रुद्रसिंह निवासी ग्राम बिहाड़िया अपने भतीजे अभिषेक पटेल के साथ बाइक (MP09-QA-9629) से सनन चाय कंपनी जा रहे थे। शनिवार दोपहर शिवाजी राव कदम कॉलेज, तिल्लोरखुर्द के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए कुणाल उर्फ टीटू गुर्जर, अनुज गुर्जर (दोनों निवासी ग्राम दूधिया), रोहित चौधरी निवासी तिल्लोर बामन टेकरी और उनके अन्य साथियों ने उन्हें रोक लिया।

रितिक यादव का पूछा पता-आरोपी कुणाल गुर्जर ने रितिक सिंह से पूछा कि क्या वह रितिक यादव को जानता है। पहचान स्वीकार करने पर बदमाशों ने रितिक और अभिषेक को अलग-अलग बाइक पर जबरन बैठाया और नीलगिरी परिसर स्थित खदान पर ले गए। वहां आरोपियों ने रितिक यादव को छिपाकर रखने के बारे में पूछताछ की। जानकारी होने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कुणाल, अनुज, रोहित और उनके साथियों ने खदान के पास पड़े डंडों और थप्पड़ों से दोनों की पिटाई कर दी।

राहगीरों ने किया बचाव-मारपीट देखकर राहगीर आनंद यादव और अन्य लोग दोनों को बचाने पहुंचे। इस पर आरोपी मौके से भाग निकले। जाते समय आरोपियों ने दोनों के मोबाइल भी तोड़ दिए। मारपीट के दौरान पीड़ितों का पर्स और हाथ की अंगूठी भी गिर गई। इसके बाद दोनों थाने पहुंचे। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment