उज्जैन। होटल श्री गंगा में चार युवकों की मौत के मामले में सोमवार को पुलिस ने मर्ग जांच के बाद प्रबंधन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। घटना में एक युवक हताहत हुआ था, जिसे उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया था।
माधवनगर थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात 11 बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम होटल श्री गंगा पहुंची थी। होटल के फूड वेस्ट चैंबर में चार युवक गिरे थे। पुलिस टीम ने डेढ़ घंटे की मशकक्त के बाद चारों को बाहर निकाला था। उसकी सांसे थम गई थी, जिसके चलते सीपीआर दिया गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। मामले में मर्ग कायम कर चारों का पोस्टमार्टम कराया गया था। सोमवार डॉक्टरी रिपोर्ट से चारों की मौत का कारण चैंबर में भरे वेस्ट मलबे की वजह से सांस नली में अवरोध सामने आया। प्रारंभिक जांच के बाद सोमवार शाम मामले में होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत की धारा 106 (1) भारतीय न्याय संहिता का प्रकरण दर्ज कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार चैंबर सफाई के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। लापरवाही पूर्वक चारों युवकों से काम कराया गया था। जिसके चलते उनकी मौत हुई है। पुलिस द्वारा प्रबंधन से जुड़े सभी लोगों के बयान दर्ज किये जायेगें।
अस्पताल में भर्ती युवक दर्ज किये बयान
पुलिस के अनुसार चारों मृतकों के साथ घटना में हेमराज नामक कर्मचारी भी हताहत हुआ था, उसने चारों को बचाने का प्रयास किया था लेकिन वह भी चैंबर की गैंस से बेहोशी की हालत में आ गया उसे बाहर निकाल लिया गया था। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है, बयान दर्ज कर उससे घटना की जानकारी ली गई। वहीं नगर के 2 आउटसोर्स कर्मचारियों को चैंबर सफाई के लिये लाने वाले सचिन के बयान भी दर्ज किये गये है।
इन युवकों की गई थी घटना में जान
चैंबर से चारों के शव बाहर निकालने के बाद उनके नाम कमलेश पिता सोहनलाल तंबोली, नितिन पिता ताराचंद निवासी वाल्मिकी नगर मछली मार्केट, वाहिद पिता सगर पीर का टेकरा जूना सोमवारिया और मनोज पिता तेजमल मीणा निवासी झालावाड़ राजस्थान सामने आये थे। मनोज होटल का कर्मचारी था। वहीं तीनों युवकों को सफाई के लिये बाहर से बुलाया गया था। जो नगर निगम कर्मचारी थे। पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने मुआवजे की मांग की थी। होटल प्रबंधन ने 30-30 लाख देने की बात कहीं, वहीं शासन स्तर पर 4-4 लाख की सहायता की घोषणा हुई है।
चैंबर में गिरने पर 31 अक्टूबर को हुई थी 4 युवकों की मौत… होटल श्री गंगा प्रबंधन पर धारा 106 (1) का प्रकरण दर्ज