सनावद। नगर में बुधवार को लंबे समय से विवादों में रहे कथित अवैध एस्ट्रो टर्फ पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चल गया। प्रजापति समाज और सकल हिंदू समाज के विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित बताए जा रहे एस्ट्रो टर्फ को 6 बुलडोजरों की मदद से करीब तीन घंटे में ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।कार्रवाई से पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बड़ी संख्या में समाजजन एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कथित अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने समय पर कदम नहीं उठाए, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ा।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग भी की गई।इसी बीच विधायक सचिन बिरला मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा के बाद कथित अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक और नगर पालिका की टीम बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में पूरा एस्ट्रो टर्फ ध्वस्त कर दिया गया।विधायक सचिन बिरला ने कहा कि नगर में कानून से ऊपर कोई नहीं है। अवैध निर्माण और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई में हुई देरी की जांच कराई जाएगी।प्रजापति समाज के अध्यक्ष रविन्द्र प्रजापत और बजरंग दल के विभाग प्रमुख जितेंद्र राठौर ने प्रशासन की पूर्व कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समाज के लगातार दबाव के बाद आखिरकार कार्रवाई हुई।मामला क्यों बना चर्चा का विषय-हाल ही में माहीम शेख पर एक युवती को बहलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगने के बाद नगर में विरोध बढ़ गया था। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। इसी घटनाक्रम के बाद कथित अवैध निर्माण हटाने की मांग तेज हुई और प्रशासन ने बुधवार को बुलडोजर कार्रवाई की।