मकान मलबे में तब्दील, लेकिन बैंक की EMI का बोझ बरकरार

इंदौर। कृष्णबाग कॉलोनी में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब प्रभावित परिवारों के सामने सिर्फ सिर छिपाने का संकट नहीं, बल्कि आर्थिक भविष्य बचाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है। जिन लोगों ने जीवनभर की कमाई लगाकर और बैंकों से लाखों रुपये का कर्ज लेकर अपने आशियाने बनाए थे, आज उनके मकान मलबे में तब्दील हो चुके हैं। लेकिन विडंबना यह है कि मकान के साथ उनका कर्ज खत्म नहीं हुआ। बैंक की EMI, बच्चों की पढ़ाई, परिवार का खर्च और दूसरी जिम्मेदारियां आज भी उनके सामने खड़ी हैं।मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने इस पूरे मामले में भाजपा सरकार और जिला प्रशासन को घेरते हुए कहा कि प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर मकान तो गिरा दिए, लेकिन उन परिवारों के भविष्य का जवाब कौन देगा? जिन लोगों के सिर से छत छिन गई, उन्हें अब बैंक की किस्तें चुकाने के लिए कहां से पैसा मिलेगा?
चौरसिया ने सवाल उठाया कि वर्ष 2003 से बिल्डर और रहवासियों के बीच विवाद चल रहा था। इतने वर्षों तक विवाद का समाधान नहीं हो सका और आखिरकार इसकी सबसे बड़ी कीमत उन परिवारों को चुकानी पड़ी, जिन्होंने अपनी जमा पूंजी लगाकर मकान खरीदे या बनाए। क्या इन परिवारों की कोई गलती थी कि उन्हें जीवनभर की कमाई गंवानी पड़ी?
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला, भारी पुलिस बल और मशीनें तो मौजूद थीं, लेकिन कार्रवाई के बाद इन परिवारों को कहां बसाया जाएगा, इसकी कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है। सरकार को बताना चाहिए कि जिन परिवारों के पास अब रहने के लिए घर नहीं है, उनके पुनर्वास की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।
सिर्फ मकान नहीं टूटे, परिवारों का आर्थिक आधार भी हिला-अमित चौरसिया ने कहा कि इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के सामने दोहरी मार है। एक तरफ रहने का ठिकाना खत्म हो गया और दूसरी तरफ बैंक का कर्ज जस का तस है। घर नहीं रहा, लेकिन EMI भरने की बाध्यता बनी हुई है। बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों की दवाइयां और रोजमर्रा की जरूरतें अब कैसे पूरी होंगी? सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा।उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री, नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कराया जाए। उन्हें वैकल्पिक आवास, उचित आर्थिक सहायता और पुनर्वास की व्यवस्था दी जाए। जिन परिवारों पर होम लोन का बोझ है, उन्हें राहत दिलाने के लिए बैंकों से समन्वय किया जाए।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment