मंदसौर। कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में सोमवार को आयोजित समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों को जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध शराब और भूमि अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नकली दूध के खिलाफ अभियान चलाने के लिए खाद्य सुरक्षा और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया तथा राजस्व अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई का विवरण मांगा। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पाया कि राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय निकायों में बड़ी संख्या में शिकायतें पेंडिंग हैं। नगरीय निकायों में एल-3 स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए शहरी विकास अभिकरण के अधिकारी को संयुक्त संचालक उज्जैन को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। सीतामऊ तहसीलदार के स्तर पर कुल 330 शिकायतें (जिनमें एल-4 पर 116 शामिल हैं) लंबित होने तथा स्वामित्व अभियान के तहत रजिस्ट्री कार्य में देरी पर सीतामऊ एसडीएम और तहसीलदार को ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा गया, वहीं मल्हारगढ़ तहसीलदार को भी शिकायतों का तेजी से निपटारा करने के निर्देश मिले।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अब तक हुए 15 शिविरों के बाद अधिकारियों को परिणामोन्मुखी कार्य करने और ठोस आउटपुट देने के निर्देश दिए। उपज से उद्यम अभियान को बड़े स्तर पर ले जाने के लिए प्रगति रिपोर्ट मांगी गई और बैठक से अनुपस्थित रहने पर उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जल उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका मंदसौर को पानी की बर्बादी करने वालों पर स्पॉट फाइन लगाने और अगली बैठक में उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में जर्जर शासकीय भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की पूर्व और बाद की फोटो रिपोर्ट मांगी गई, जिसमें महिला बाल विकास, जिला शिक्षा केंद्र और कृषि विभाग के भवन शामिल हैं। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभागीय कार्यों में देरी पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
मिलावट, अवैध शराब और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देरी पर कारण बताओ नोटिस