इंदौर। खुडैल इलाके में मोपेड सवार बुजुर्ग को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। वह अपने 6 साल के पोते को लेकर घर से कुछ दूरी पर घी लेने निकले थे। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। अस्पताल में उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।खुडैल पुलिस के मुताबिक, मृतक सुखराम पुत्र कन्हैयाल व्यास निवासी खुडैल हैं। वह अपने 6 साल के पोते वंश को लेकर मोपेड से शनिवार देर शाम घी लेने दुकान पर निकले थे। इस दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।हादसे में सुखराम को गंभीर चोट आई, जबकि पीछे बैठा पोता वंश मामूली घायल हो गया। आसपास के लोगों ने सुखराम को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।सरपंच सुरेश ने बताया कि परिवार में सुखराम के तीन बेटे हैं। वह किसानी का काम करते थे। पुलिस ने बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।