उज्जैन। इस वर्ष गर्मी के रूप में सीधे – सीधे आमजन जीवन पर कहर गिर रहा है। बुधवार को दिन तो ठीक रात भी बैचेन करने वाली रही है। रात में पारा 29.2 डिग्री रहा जिसे गुरूवार सुबह दर्ज किया गया। इस दौरान बिजली कटौती ने आमजन की परेशानी को दोहरा कर दिया । रात में कई क्षेत्रों में 3-4 बार अलग –अलग समय पर 15-25 मिनिट तक बिजली गायब रही है। यही हाल गुरूवार को दिन में भी दर्ज किए गए हैं।
बुधवार को दिन में आग उगलने वाली गर्मी की स्थिति 44.7 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया था। उसके बाद भी गर्मी के हाल बने रहे थे। रात में भी आमजन पसीने से तर स्थिति में ही रहा। पंखे गर्म हवा दे रहे थे तो कूलर भी कमजोर पड रहे थे। इस दौरान बिजली कटौती ने इस कहर को और बढा दिया था। इसके चलते बुधवार –गुरूवार रात आमजन की बैचेनी भरी रही है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही स्थिति में बुधवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन के रूप मे दर्ज किया गया है।
गुरूवार को भी चली लू-
गुरूवार को भी दोपहर में जमकर गर्म हवाएं चली हैं। उत्तर-पश्चिम की ओर चल रही हवाएं राजस्थान से होती हुई मालवा तक चल रही है। गर्म हवा ने लू खतरा बढ़ा दिया है। गुरूवार को दिन में 6-8किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने देर शाम तक आमजन को परेशान किया है। इसके चलते आमजन उमस एवं पसीने से तर रहा है। इधर शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि गुरूवार सुबह न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेंटीग्रेड 57 फीसदी आर्द्रता के साथ 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के दौरान दर्ज किया गया । इसी तरह से अपरांह्म में अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेंटीग्रेड 18 फीसदी आर्द्रता के साथ 8 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के दौरान दर्ज किया गया है। शाम के समय गर्म हवाओं ने बैचेनी को और बढा दिया था।
इधर कटौती का दंश भी चुभने वाला-
गर्मी के कहर के दौरान ही कटौती का दंश भी शुरू हो गया है। हो भी क्यों न बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर भी हांफने लगे हैं और वे भी जमकर गर्म हो रहे हैं। शहर के नागरिकों के अनुसार बुधवार को सीजन के सबसे गर्म दिन एवं रात की स्थिति में शहर के अलग-अलग जोनों में बिजली कंपनी ने 3-4 बार 15-25 मिनट के लिए कटौती की है। एक तो दिन की गर्मी से हलाकान आमजन रात में पंखे एवं कुलर की सहायता से नींद लेने की स्थिति में आया और उसके बाद ही यह कटौती की गई । इससे कई लोगों की नींद में खलल की स्थिति रही है। गुरूवार को भी अलग-अलग क्षेत्रों में कटौती की शिकायतें नागरिकों से मिल रही है।