इंदौर।इंदौर के छोटी ग्वालटोली इलाके में रहने वाले एक टैटू आर्टिस्ट की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि दोस्त इसे सड़क दुर्घटना बता रहे हैं। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम योगेश (34) पुत्र छोटू सिलावट है, जो टैटू आर्टिस्ट था। परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे योगेश के पास उसके दोस्त जीवन का फोन आया था। उसने योगेश को मिलने के लिए बुलाया और अपने साथ ले गया।दोस्त ने रात में दी घायल होने की सूचना-रात करीब 10 बजे जीवन, योगेश के घर पहुंचा और उसके छोटे भाई को सूचना दी कि योगेश घायल हो गया है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और योगेश को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि योगेश के सिर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान थे। दोस्तों ने बताया कि वह गाड़ी से गिर गया था, लेकिन परिवार का कहना है कि उसके साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।