नीमच । जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित खिमला पावर प्रोजेक्ट प्लांट परिसर में एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय मजदूर की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। इस घटना के समय तेज बारिश से बचने के लिए मजदूर पानी के टैंकर के नीचे बैठा था और चालक ने बिना नीचे देखे वाहने आगे बढ़ा दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अलीउल्फ रहमान निवासी मेहर विश्वास टोला, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह खिमला प्लांट में ड्रिलिंग मशीन हेल्पर के रूप में कार्य करता था। जो 12 दिन पहले ही काम पर आया था। घटना के दौरान अचानक बारिश शुरू होने पर अलीउल्फ पास खड़े पानी के टैंकर के नीचे बैठ गया।
इसी बीच टैंकर चालक ने बिना टैंकर के नीचे देखें कि कोई व्यक्ति है या नहीं, वाहन आगे बढ़ा दिया। टैंकर का पहिया सीधे अलीउल्फ के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों और प्लांट प्रबंधन द्वारा घायल को तुरंत कनावटी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौंप, मर्ग कायम कर जांच में लिया। वही साथी मजदूरों के अनुसार मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन माह की मासूम बच्ची को छोड़ गया। इस तरह के हादसेअपने पीछे सवाल छोड़ जाते हैं l