उज्जैन।ई-अटेंडेंस सिस्टम लागू कर प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए एक्टिव लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने शिक्षकों की परेशानी बढ़ा दी है। अब शिक्षकों को ताजा निर्देश जारी कर कहा गया है कि उन्हें दस बजे के पहले विद्यालय में पहुंचकर ई अटेंडेंस लगाना होगी। इसके बाद अगर साढ़े दस बजे तक ई अटेंडेंस लगाते हैं तो देरी का कारण बताना होगा। इस अवधि के बाद ई अटेंडेंस को मान्य नहीं किया जाएगा। इस आदेश से अकेले उज्जैन जिले में 8 हजार से अधिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
लोक शिक्षण आयुक्त ने यह निर्देश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली गई बैठक में आयुक्त सिंह ने कहा है कि ई-अटेंडेंस को लेकर किसी तरह की लापरवाही से वेतन कट सकता है। इसलिए शिक्षकों, लोकसेवकों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर विद्यालय में उपस्थित हों और पठन पाठन के कार्य में शामिल हों। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर दिए ताजा निर्देश में आयुक्त ने कहा है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी को प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से पूर्व संस्था में उपस्थित होना है।
निर्देशों में दो दिन में 2 बदलाव-
बता दें लोक शिक्षण आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को विभाग के कर्मचारियों, अफसरों को यह सूचना दी गई थी कि अब सुबह 10.30 बजे तक ई अटेंडेंस लगाना होगी, हालांकि सोमवार को सुबह 11 बजे तक शिक्षकों, कर्मचारियों की अटेंडेंस लगती रही थी। वहीं मंगलवार को ई अटेंडेंस का समय सुबह 10 बजे से पहले कर दिया गया है। इससे शिक्षकों की परेशानी बढ़ गई है। खासतौर पर शहरों में रहकर गांवों में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने में समय लगना तय है। इससे उज्जैन जिले में करीब 8 हजार से अधिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
उफनते नदी- नाले पार न करें टीचर, स्टूडेंट-
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने कहा है कि बारिश के दौरान उफनते नदी नाले पार करके न तो टीचर्स को और न ही स्टूडेंट्स को स्कूल जाना है। टीचर ऐसी स्थिति आने पर इसे अपने संकुल प्राचार्य और प्राचार्य को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये जानकारी देंगे। इसे कंसीडर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि वीडियो कांफ्रेंसिंग मीटिंग में उन्होंने टीचर्स के स्कूल आने के टाइमिंग की जानकारी ली है। कुछ जिलों में डीईओ के द्वारा गलत टाइम कोट किए जाने का मामला सामने आया है, उसे सुधारा जाएगा।