चार खातों से 3.17 लाख गायब, पुलिस तलाश रही सुराग सावधान: साइबर ठग हर दिन बदल रहे तरीका

उज्जैन। आॅनलाइन होने वाले फ्रॉड को लेकर पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है, लेकिन साइबर ठगी करने वाले हर दिन तरीका बदल रहे है और लोगों के खातों से हजारों का ट्रांजेक्शन कर पुलिस को चुनौती दे रहे है। गुरूवार को चार मामले सामने आये। ठगों ने 3.17 लाख उड़ा दिये थे। चारों मामलों में पुलिस ने धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज किये है।
डिजीटल क्रांति के युग में लोगों को मिली इंटरनेट सुविधा और आॅनलाइन ट्रांजेक्शन की व्यवस्था ने उनके समय की बचत और काम को आसान बना दिया है। लेकिन इसका फायदा साइबर ठगों ने तेजी के साथ उठाना शुरू दिया। पूर्व में बैंक अधिकारी, केवाईसी अपडेट, आॅनलाइन नौकरी, पुलिस अधिकारी बन डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर लोगों के साथ आॅनलाइन फ्रॉड किया जा रहा था। बढ़ते साइबर अपराध को लेकर पुलिस ने जागरूकता अभियान की शुरूआत कर साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन साइबर ठगों द्वारा हर दिन तरीका बदला जा रहा है। पिछले कुछ दिनों हुये चार मामले गुरूवार को सामने आये। जिसमें 3 लोगों के साथ लिंक भेजकर ठगी की गई तो एक को पार्सल भेजकर ठग लिया। माधवनगर, नानाखेड़ा और बड़नगर थाना पुलिस ने चारों मामलों में प्रकरण दर्ज किये है।
पहला मामला नारायणपुरा का
माधवनगर थाना पुलिस ने नारायणपुरा में रहने वाले कुशाल मेहर की शिकायत पर दर्ज किया है। कुशाल ने बताया कि उसकी मंगेतर ने आॅनलाइन प्रोडेक्ट आर्डर किया था। उसके खाते में पैसे कम होने पर रूपये ट्रांसफर करने के लिये मंगेतर भाविका ने वाट्सएप पर लिंक भेजी और ट्रांजेक्शन करने को कहा। उसने लिंक पर क्लिक किया प्रोडेक्ट की कीमत का ट्रांजेक्शन किया। कुछ देर बाद खाते से 99 हजार निकलने का मैसेज मिला। जबकि उसने सिर्फ प्रोडेक्ट की कीमत का ट्रांजेक्शन किया था। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
दूसरा मामला वरूचि मार्ग का
आॅनलाइन फ्रॉड का दूसरा मामला माधवनगर थाना क्षेत्र के ही वरूचि मार्ग पर रहने वाली प्रिया पति उल्लास पाल के साथ हुआ। उनके पास कॉल आया कि आपका पार्सल आया है। उन्होने पार्सल नहीं मंगवाने की बात कहीं तो कॉल धारक ने कहा कि पार्सल आपके नाम और पते का है। प्रिया ने पार्सल लेने से मना किया तो केसिंल चार्ज देने की बात कहीं चार्ज देने से मना करने पर पार्सल प्राप्त करने कहीं। प्रिया ने केसिंल चार्ज का ट्रांजेक्शन किया तो खाते से 93 हजार 850 रूपये निकाल लिये गये।
तीसरा मामला ग्राम उमरिया का
बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में रहने वाली अफसाना बी पति कमाल पटेल के ठगों ने लिंक भेजकर फ्रॉड किया। उसके मोबाइल पर आई लिंक को क्लिक करने के बाद खाते से 98 हजार का ट्रांजेक्शन साइबर ठगों ने कर लिया।  पति के बैंक जाने पर ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली। जानकारी जुटाने पर पता चला कि डबरा के निर्मल नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांजेक्शन हुआ है। मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की गई। बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।
चौथा मामला इंजीनियर के साथ
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के कालापत्थर क्षेत्र में रहने वाले इंजीनियर लाखन पिता नानूराम जाटवा के आॅनलाइन फ्रॉड हुआ। उसके मोबाइल पर आई लिंक को क्लिक करते ही मोबाइल हैक हुआ और खाते से 27 हजार से अधिक का ट्रांजेक्शन हो गया। आॅनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर की गई, जहां से मामला पुलिस के पास जांच के लिये पहुंचा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment