इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में होटल में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने सहकर्मी पर दुष्कर्म और धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक 28 वर्षीय पीड़िता निपानिया स्थित एक होटल में काम करती थी। उसी होटल में रविंद्र उर्फ रवि पुत्र छोटेलाल जाटव भी कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी अक्सर उससे कहता था कि वह किचन के काम में उसकी मदद कर देगा और बदले में उसे होटल के कमरों की सफाई में सहयोग करना होगा।कमरा साफ करने के दौरान किया दुष्कर्म-आरोप है कि 8 अप्रैल 2026 को पीड़िता होटल की दूसरी मंजिल पर एक कमरा साफ करने गई थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पीड़िता ने बाहर जाने देने की बात कही, लेकिन आरोपी ने उसकी बात नहीं मानी और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने उसके फोटो भी ले लिए। बाद में वह उन तस्वीरों को उसके पति को भेजने की धमकी देने लगा। आरोपी ने यह भी कहा कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया या विरोध किया तो वह उसके पति को जान से मार देगा। इसके बाद मंगलवार रात वह थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला कर्मचारी से दुष्कर्म :सहकर्मी ने फोटो वायरल करने और पति को जान से मारने की दी धमकी