मंदसौर। गरोठ थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। कार सवार सभी लोग हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसे की सूचना पर पहुंची गरोठ पुलिस ने मृतकों की पहचान अरविंद अहीर (39) निवासी सिकंदरपुर गुड़गांव, बिन्दर अहीर (33) निवासी नाथूपुर गुड़गांव तथा कैलाश चंद्र गुर्जर (34) निवासी बहरोड़ अलवर (राजस्थान) के रूप में की है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जितेंद्र अहीर (40) निवासी गुड़गांव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि तड़के तेज बारिश और अंधेरे के बीच एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक बिना किसी इंडिकेटर या लाइट के खड़ा था, जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में जा घुसी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, तीन की मौत, एक गंभीर