इंदौर। शहर के युवाओं की जिंदगी में नशे का जहर घोलने वाले गिरोह पर द्वारकापुरी पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। नशा तस्करी के सरगना चेतन नाथ का सबसे करीबी साथी और पुलिस को महीनेभर से चकमा दे रहा अंकित यादव आखिरकार खाकी के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी के साथ ही उसकी सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अंकित पिता अशोक यादव निवासी बालदा कॉलोनी के खिलाफ करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह चेतन नाथ के साथ मिलकर गांजा और एमडी ड्रग्स की तस्करी के नेटवर्क का अहम हिस्सा था। इससे पहले पुलिस ने चेतन नाथ को 8 किलो गांजा, एमडी ड्रग्स और करीब 19 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चेतन ने अपने तीन साथियों के नाम बताए थे, जिनमें अंकित भी शामिल था। नाम सामने आते ही वह फरार हो गया था। जांच में यह भी सामने आया कि चेतन नाथ का पूरा गैंग लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी और करीब एक महीने की घेराबंदी के बाद आखिरकार अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े हर चेहरे को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।
खाकी के शिकंजे में आयानशे के कारोबार में सक्रिय चेतननाथ का खास गुर्गा, दबोचा गया